फिरोजाबाद के रसूलपुर थाना क्षेत्र के शांति नगर में शनिवार देर शाम एक घर में चल रहे मेंहदी कार्यक्रम के बीच हाईटेंशन लाइन में तेज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हो गया। हादसे में छत पर झालर लटका रहे दो युवक और एक बालक झुलस गया। जबकि 220 किलोवोल्ट लाइन का करंट दौड़ने से 15 घरों के बिजली मीटर फुंक गए और घरेलू उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घायलों की हालत सामान्य है।
शांति नगर निवासी सुभाषचंद्र सविता ने बताया कि उनके घर में रविवार को बेटे अंकुश के लगुन-सगाई का कार्यक्रम आयोजित होना है और शनिवार शाम घर में मेहंदी की रस्म चल रही थी। छत पर उनका 26 वर्षीय बेटा विकास, 20 वर्षीय भतीजा धर्मेंद्र और 12 वर्षीय पौत्र अभी झालर लटका रहे थे।
सोफीपुर से आसफाबाद बिजली घर तक 220 किलोवाट की पावर ग्रिड लाइन गुजरती है, जिसके नीचे शांति नगर में कई मकान बने हैं। छत पर काम के दौरान चिड़िया के घोंसले से तारों के झुंड में आग लग गई और हाईटेंशन लाइन में तेज धमाका हो गया। 220 किलोवोल्ट लाइन का करंट करीब 15 घरों में दौड़ गया, जिससे घरों के बिजली के मीटर जल गए और कई घरों में विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा। छत पर मौजूद विकास, धर्मेंद्र और बालक सभी झुलस गए, जबकि छत पर बनी दीवार में दरार आ गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए।
सभी घायलों की हालत सामान्य, सीओ सिटी ने ली जानकारी
बालक की हालत सामान्य होने पर उसे स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां दिखाया गया। वहीं, पार्षद अजब सिंह शंखवार परिजनों के साथ विकास और धर्मेंद्र को लेकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां दोनों युवकों की स्थिति सामान्य बताई गई। सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों व परिजनों से हादसे की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि दोनों युवकों और बालक की हालत सामान्य है। झालर लगाते समय यह हादसा हुआ है। वहीं, विद्युत निगम के एक्सईएन कालीचरण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
20 सितंबर को झुलसे थे चार बच्चे
20 सितंबर 2026 को आसफाबाद 220 केवी बिजलीघर के पास शांतिनगर में दो मंजिला घर की छत पर कबूतर उड़ाने के दौरान बच्चों द्वारा उठाई गई लोहे की सरिया हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन की तरंगों (रेंज) की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में शांतिनगर निवासी नारायण सिंह शंखवार की बेटी संजना (16), नीतू उर्फ जान्वी (13), बेटा राजन (8) और साढ़ू का बेटा ऋषभ (9) झुलस गए थे। नीतू उर्फ जान्वी को छोड़ अन्य तीनों की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।