शिकोहाबाद। नगला पिपरानी स्थित भूदेवी इंटर कॉलेज में 22 फरवरी को हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एक छात्रा के स्थान पर उसकी बहन के पेपर देने के मामले में डीआईओएस ने प्रधानाचार्य धर्मेंद्र यादव को केंद्र व्यवस्थापक के कार्य से मुक्त कर दिया। उनके स्थान पर विद्यालय में ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के रूप में तैनात प्रदीप कुमार सहायक अध्यापक राजकीय हाईस्कूल कारीखेड़ा को तैनात किया है।
नगला पिपरानी स्थित भूदेवी इंटर कॉलेज को इस वर्ष नया परीक्षा केंद्र बनाया है। इस विद्यालय में लगभग 800 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। 22 फरवरी को अंग्रेजी के पेपर में तहसीलदार ने इस विद्यालय में आकस्मिक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में एक संदिग्ध छात्रा को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपनी बहन की जगह परीक्षा दे रही है।
इस पर तहसीलदार ने छात्रा को पुलिस की कस्टडी में दे दिया। इसी मामले में डीआईओएस ने तत्काल प्रभाव से यह कार्यवाही करते हुए केंद्र व्यवस्थापक को कार्य मुक्त कर दिया। उनकी जगह अतरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के तौर पर तैनात प्रदीप कु मार को चार्ज दिया गया है। वहीं अमिता यादव को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और सतीशचंद्र सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय शोभनपुर खैरगढ़ को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया है।