सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही। गुरुवार को पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। शीत लहर के चलते दिन में अलाव जलते रहे। सरकारी कार्यालयों में सर्दी का असर दिखाई दिया। डीएम के आदेश के बाद भी प्राइवेट स्कूल संचालकों ने स्कूलों को खोला। बच्चे भी ठिठुरते हुए पहुंचे।
शीत लहर और घने कोहरे के चलते लोग परेशान हैं। गुरुवार को सुबह कोहरा काफी कम था लेकिन सर्द हवा चलने और आसमान में घटाओं के घिरे रहने के कारण लोग ठिठुरते रहे। पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। 24 जनवरी तक कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद होने के चलते बच्चों को जरूर कुछ राहत मिली लेकिन प्राइवेट स्कूलों के संचालकों ने डीएम के आदेश का पालन तक नहीं किया। कई प्राइवेट स्कूलों में बच्चे ठिठुरते हुए पहुंचे। सरकारी कार्यालयों में कोई हीटर तो कोई अलाव जलाकर तापता दिखाई दिया। विकास भवन, कलक्ट्रेट के साथ ही अन्य सरकारी कार्यालयों में स्टाफ सर्दी से बचने के लिए अलाव जलाते नजर आए। बाजार भी सुबह 11 बजे के बाद खुले और शाम को जल्दी बंद हो गए। गरम कपड़ों के साथ इनर आदि की बिक्री गारमेंट की दुकानों पर होती रही।