रिसोर्स सेंटर में बना बोर्ड परीक्षा का कंट्रोल रूम। स्त्रोत: विभाग।
- फोटो : रिसोर्स सेंटर में बना बोर्ड परीक्षा का कंट्रोल रूम। स्त्रोत: विभाग।
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय से कंट्रोल रूम को हटाकर अब पंचायत रिसोर्स सेंटर कर दिया है। यहां 107 कंप्यूटर का कंट्रोल रूम बनाया है, जो जिले में अब तक का सबसे बड़ा कंट्रोल रूम है। इस कंट्रोल से हर कॉलेज में पल-पल की गतिविधियां देखी जाएंगी। गड़बड़ी मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ संबंधित व्यक्ति पर सख्ती बरती जाएगी।हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उन्हें ऑनलाइन किया है। डीएम ने बोर्ड परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए पल-पल की निगरानी करने के आदेश दिए हैं। इस पर क्रियान्वयन करते हुए डीआईओएस कार्यालय से कंट्रोल रूम हटाकर पंचायत रिसोर्स सेंटर में बनाया है। इसमें 107 कंप्यूटर लगाए गए है। प्रत्येक पर एक-एक ऑपरेटर तैनात किया है। गड़बड़ी मिलने पर या समस्या पर तुरंत सूचित करेगा।
डीआईओएस धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पंचायत रिसोर्स सेंटर में कंट्रोल रूम तैयार है। सचल दल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए हैं। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर सेंटर से हर पल की निगरानी की जाएगी।