जसराना। बिजली कटौती का दंश झेल रहे किसान, व्यापारी और छात्रों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों को बंद कर विद्युत सब स्टेशन का घेराव कर लिया। उधर आक्रोशित हुए छात्रों ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। एसडीएम द्वारा दिए गए आश्वासन पर व्यापारी माने और आंदोलन को समाप्त कर दिया।
पाढ़म स्थित विद्युत उप संस्थान में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले नौ दिन से फुंका होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को विद्युत कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है। व्यापारियों और किसानों के साथ छात्रों ने भी इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ। इसको लेकर मंगलवार को एक बैठक का आयोजन भी हुआ था। इसके बाद भी अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसे लेकर बुधवार को व्यापारियों के साथ किसानों और छात्रों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने सुबह से ही अपने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्युत सब स्टेशन का घेराव कर लिया। उधर विद्युत कटौती का दंश झेल रहे छात्रों ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र पालीवाल ने कहा कि समस्या से कई बार विद्युत अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। सूचना पर एसडीएम जसराना के साथ जसराना थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। छात्रों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। अवर अभियंता दिनेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि समस्या का निदान जल्द कर दिया जाएगा। इस दौरान सत्यप्रकाश यादव, शेर सिंह राजपूत, शोभित माहेश्वरी, डा. कुलदीप कुलश्रेष्ठ, राजीव कुशवाह, प्रेमप्रकाश राठौर, राजेश वर्मा, अजय शर्मा, राजेश कुशवाहा, राजपाल सिंह, राधेश्याम वर्मा, वाहिद हुसैन, ओवेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, शकील कुरैशी, तमीउद्दीन, प्रमोद कुमार, सुरेश चंद्र, संजीव माहेश्वरी आदि व्यापारी एवं किसान मौजूद थे।
नगला बुधुआ में विद्युत टीम की छापेमारी
सिरसागंज। सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम नगला बुधुआ में बुधवार की दोपहर पहुंची विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी की। बिजली चोरी कर रहे छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बुधवार को विद्युत विभाग की टीम एक्सईएन वीपी कठेरिया और एसडीओ मनीष कुमार के निर्देशन में टीम ने मधुवन, जीपाल व एक अन्य को बिजली चोरी करते पकड़ा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।