शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी के आश्वासन पर भूख हड़ताल खत्म कर दी। नगर मजिस्ट्रेट विजय सिंह ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त कराई।
एससी वर्ग के छात्र छात्राओं की शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृति खातों में नहीं आई है। छात्रवृत्ति मांग को लेकर गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन चल रहा था। समस्या निस्तारण न होने पर 11 दिन के धरने के बाद छात्रों ने भूख हड़ताल कर दी। गगनदीप सिंह, अनुराग गौतम, सुनील कुमार, भानु प्रताप सिंह, अनिल कुमार, जितेंद्र प्रताप समस्या निस्तारण के लिए भूख हड़ताल की। बुधवार को छात्र-छात्राएं डीएम कार्यालय में अपना दर्द बताने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, लाला राइन, भाजना नेता केडी जाटव भी थे। डीएम ने 20 मई तक खातों में स्कॉलरशिप आने का आश्वासन दिया। डीएम के आश्वासन पर छात्र-छात्राएं मान गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को जूस पिलाया। इस पर छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। छात्र नेता गगनदीप ने कहा यदि एक सप्ताह में छात्रवृत्ति नहीं आई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में जितेंद्र प्रताप, अखंड प्रताप, प्रशांत, अवनीश, धर्म सागर, कैरी सिंह, अनिल कुमार, जयप्रकाश आदि उपस्थित रहे।
सामान्य वर्ग के छात्र भी पकड़ सकते हैं आंदोलन की राह
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। छात्रवृत्ति की मांग को लेकर एससी वर्ग के छात्र-छात्राएं पहले से आंदोलित है। अब सामान्य वर्ग के छात्र भी आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं। बुधवार को सुमित्रा देवी गर्ल्स महाविद्याल, कैंजरा की छात्राएं मुख्यालय पहुंची। छात्राओं ने बताया कि सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति अब तक नहीं आई है। उनके फार्म रिजेक्ट कर दिए गए हैं। छात्रा रुक्मिणी मिश्रा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग में पूछताछ करने पर उन्हें बैंक भेज दिया जाता है वहीं बैंक से समाज कल्याण विभाग। निदान की बात तो दूर समस्या सुनने वाला तक कोई नहीं है। छात्राओं ने ऐलान किया यदि जल्द ही छात्रवृत्ति नहीं आई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान श्रेया चतुर्वेदी, पूजा चंद्रवंशी, प्रीती त्यागी, इंदु त्रिवेदी, शिवानी गुप्ता, दीक्षा वर्मा आदि उपस्थित रहीं।
प्रमुख सचिव से मिले नगर विधायक
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। जनपद के हजारों छात्र छात्राएं ऐसे हैं, जिन्हें छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल सका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर विधायक मनीष असीजा ने लखनऊ जाकर प्रमुख सचिव समाज कल्याण सुनील सिंह से वार्ता की। विधायक असीजा ने बताया कि समाज कल्याण प्रमुख सचिव ने आश्वासन दिया है कि जल्द खातों में छात्रवृत्ति भेज दी जाएगी। हजारों छात्र छात्राओं को शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा।