बिजली की ट्रिपिंग उड़ा रही नींद, लोग परेशान
- बृहस्पतिवार रात को गांधी नगर, दुर्गा नगर में बिजली हो गई बंद, शुक्रवार को भी बार-बार बंद होती रही बिजली
संवाद यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शहर में बिजली उपकरण अत्यधिक लोड नहीं झेल पा रहे हैं। समय-समय पर ट्रिपिंग की समस्या लोगों की नींद उड़ा रही है। जहां एसी, कूलर काफी देर तक चलने पर कमरों को ठंडा बना रहे हैं। वही, कुछ देर बिजली सप्लाई बंद होने से फिर से उपभोक्ता पसीने में तर-बतर हो रहे हैं। शुक्रवार को बिजली की आंख मिचौली का खेल कई मोहल्लों में चलता रहा।
बृहस्पतिवार रात को गांधी नगर, दुर्गा नगर समेत कई इलाकों में देर रात बिजली गुल हो गई। उपभोक्ता गर्मी के कारण परेशान हो गए। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाए। वहीं एसएन फीडर से जुडे़ मोहल्लों में समय-समय पर बिजली आती जाती रही। उपभोक्ता कूलर, एसी बंद होने से परेशान हो जाते। सबसे ज्यादा ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को हुई। क्योंकि इन्वर्टर से चलने वाले छतों के पंखे गर्म हवा फेंक रहे थे। इधर, रात में भी विद्युत सप्लाई का यही हाल रहा। उपभोक्ता बिजली के आवाजाही के खेल से परेशान हैं। इधर, पुरुषोत्तम बिहार, लेबर कॉलोनी, रसूलपुर, आसफाबाद सहित अन्य बिजली घरों पर भी विद्युत सप्लाई प्रभावित रही। जेई लोकेश पाठक ने बताया कि जहां फॉल्ट आते हैं, उनको सही करने के लिए सप्लाई बंद की जा रही है। गर्मी में मशीनें जल्द ही बंद हो जाती हैं।