फिरोजाबाद। रविवार को आरडीएस योजना के अंतर्गत विद्युत लाइनों को बदलने के कारण नगर के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया। इस कारण सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस कारण आमजन को उमस भरी गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी।
औद्योगिक क्षेत्र विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले जैन नगर फीडर पर एलटी विद्युत लाइन को बदला गया। इस कार्य के कारण गणेश नगर चौकी से लेकर ट्रामा केंद्र तक के आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रही।इसी प्रकार, गांधी पार्क उपकेंद्र से पोषित 11 हज़ार वोल्ट के घंटा घर फीडर पर भी कार्य किया गया।
इसके अंतर्गत घंटाघर पर 630 केवीए तथा शिव नगर में 400 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों के निकट केबल को बदला गया। इसके कारण इन केंद्रों से जुड़े मोहल्लो में बिजली का संकट रहा। उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को हाल बेहाल रहा। इस कार्य के चलते मोहल्ला दूध वाली गली, काली मंदिर के समीप स्थित गली तथा लाजपत कुंज क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूर्णतः अथवा आंशिक रूप से बाधित रही। एसडीओ उदयवीर सिंह का कहना है कि विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी, इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी। इन इलाकों में बेहतर आपूर्ति के लिए कार्य कराया जा रहा है।