आसपास व अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
जेल से न्यायालय में पेशी के लिए आया बंदी हुआ फरार
- बंदी व जेल के सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सिपाही हिरासत में लिया
- पत्नी की हत्या के मामले में 26 सितंबर को नगला खंगर पुलिस ने भेजा था जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिला जेल से न्यायालय में पेशी पर आया जानलेवा हमला एवं पत्नी की हत्या का आरोपी बंदी बृहस्पतिवार की शाम पुलिसकर्मी को गच्चा देकर फरार हो गया। आरोपी बंदी की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी। भागे बंदी व सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि सिपाही को हिरासत में ले लिया गया है।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के मढ़ैया चंद्रहंस निवासी रिषी कुमार उर्फ रिषीपाल यादव को नगला खंगर पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में 26 सितंबर को अस्थाई जेल भेजा था। पांच अक्तूबर को उसे जिला कारागार में भेजा गया। रिषीपाल के खिलाफ थाना बसई मोहम्मदपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला भी दर्ज है। बृहस्पतिवार को जिला कारागार से सिपाही महावीर सिंह के साथ न्यायालय में अपर जिला जज-11 के यहां पेशी पर लाया गया था। पेशी के बाद वह न्यायालय की हवालात की ओर ले जाने के दौरान सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया।
एसएसपी अजय कुमार ने जिले भर में सघन चेकिंग कराने के आदेश दिए हैं। हाईवे के साथ सिंगल रूटों पर चेकिंग के साथ न्यायालय के आसपास एरिया में बंदी की तलाश में सघन चेकिंग की गई। लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष मटसेना विनय कुमार मिश्र का कहना है कि प्रतिसार निरीक्षक राम सिंह की तहरीर पर भागे बंदी रिषी कुमार उर्फ रिषीपाल यादव एवं सिपाही महावीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जेल अधीक्षक अनिल कुमार राय का कहना है कि आरोपी 26 सितंबर 2020 को नगला खंगर पुलिस ने अस्थाई जेल भेजा था। पांच अक्तूबर 2020 से स्थाई जेल में आया था। उसके खिलाफ थाना बसई मोहम्मदपुर में एनडीपीएसएक्ट का मामला 2012 से दर्ज है। जानलेवा हमले के मामले में अपर जिला जज ग्यारह के यहां पेशी पर भेजा गया था।