बार एसोसिएशन : अब नामांकन 18 से
16 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, मतदान 30 को
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। बार एसोसिएशन के वर्ष 2022-23 के चुनाव को लेकर चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया। अब नामांकन 18 से 20 अप्रैल तक होंगे और 30 अप्रैल को मतदान होगा। यह जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी नृपति सिंह यादव और कुंवर बहादुर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि सूची का अंतिम प्रकाशन 16 अप्रैल को होगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव के साथ अन्य पदों के लिए नामांकन 18 से 20 अप्रैल तक सुबह दस बजे से तीन बजे तक लाइब्रेरी हॉल में दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 21 अप्रैल को सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक होगी। नामांकन पत्रों की वापसी 22 अप्रैल को हो सकेगी। यदि जरूरत पड़ी तो मतदान 30 अप्रैल को सुबह नौ बजे से प्रारंभ होकर दोपहर बाद तीन बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद मतगणना होने के साथ परिणाम की घोषणा की जाएगी।