बार एसोसिएशन चुनाव : नामांकन 15 से, मतदान 23 को
कार्यक्रम जारी, चुनाव की तैयारी कर रहे अधिवक्ता हुए सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव की तिथि बुधवार को तय हो गई। इसके अनुसार, 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक नामांकन किए जाएंगे और 23 अप्रैल को मतदान होगा। कार्यक्रम जारी होते ही चुनाव की तैयारी कर रहे अधिवक्ता सक्रिय हो गए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी नृपति सिंह यादव ने बताया कि बार एसोसिएशन फिरोजाबाद का वर्ष 2022-23 का चुनाव कार्यक्रम तय हो गया है। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन की मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। मतदाता सूची पर आपत्ति सात से 11 अप्रैल तक दर्ज कराई जा सकेंगी। 12 अप्रैल को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 13 अप्रैल को बार एसोसिएशन की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए नामांकन 15 से 17 अप्रैल तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को होगी। 19 अप्रैल को नामांकन वापसी का मौका दिया जाएगा। 20 अप्रैल को वैध नामांकन पत्रों की सूची चस्पा की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो 23 अप्रैल को मतदान होगा तथा उसी दिन मतगणना किए जाने के साथ परिणाम की घोषणा की जाएगी।
ह्रदेश शर्मा, विक्रम पचौरी भाकियू से निष्कासित
फिरोजाबाद। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानुप्रताप सिंह ने कहा कि दखल निवासी ह्रदेश शर्मा उर्फ कल्लू पंडित को किसान यूनियन का प्रदेश महासचिव और विक्रम पचौरी को व्यापार प्रकोष्ठ फिरोजाबाद का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। दोनों के गलत कार्यों के चलते दोनों पदाधिकारियों के साथ-साथ उनकी संगठन कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर रहा हूं। संवाद