फिरोजाबाद। थाना नगला खंगर क्षेत्र के उरावर घाट पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक 85 वर्षीय वृद्धा की चप्पलें और साड़ी पड़ी मिलने से खलबली मच गई। परिजन ने वृद्धा के यमुना में डूबने की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलने पर नगला खंगर पुलिस ने तत्काल आगरा से पीएसी गोताखोरों की टीम को बुलवाकर यमुना में तलाश शुरू करा दी है।
गांव उरावर निवासी सामंती देवी (85) 15 सितंबर को अपने घर के कमरे में सो रहीं थीं। वृद्धा के भतीजे विजयपाल ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब सात बजे जब वह उनके कमरे में चाय लेकर पहुंचे, तो सामंती देवी नहीं थीं। परिजन ने पहले गांव और फिर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका।
खोजबीन करते हुए परिजन जब उरावर घाट पहुंचे, तो वहां नदी किनारे वृद्धा की चप्पलें और साड़ी रखी मिलीं। परिजन ने उनके यमुना में डूबने की आशंका जताई। थाना प्रभारी नगला खंगर विनोद कुमार ने बताया कि परिजन की सूचना पर आगरा से पीएसी गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने स्टीमर की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।