टप्पेबाजी की घटना के बाद जानकी द्वार के पास लगी लोगों की भीड़, मौजूद पुलिस फोर्स। स्रोत: स्वयं
फिरोजाबाद। मंगलवार सुबह थाना उत्तर क्षेत्र में दो बाइक सवार युवकों ने एक बुजुर्ग को धन दोगुना करने का लालच देकर अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। देखते ही देखते ठग बुजुर्ग की सोने की अंगूठी और रुद्राक्ष की माला लेकर भाग गए। घटना की जानकारी होने पर परिवार में खलबली मच गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना उत्तर क्षेत्र के रामलीला मैदान स्थित जानकी द्वार निवासी कृष्ण कुमार द्वारा थाना उत्तर में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया मंगलवार सुबह उनके पिता अशोक कुमार अग्रवाल रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने धन दोगुना करने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर अशोक कुमार ने अपनी सोने की अंगूठी और गले में पहनी रुद्राक्ष की माला उतारकर उन्हें दे दी। सामान हाथ में आते ही दोनों युवक मौके से भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।