फिरोजाबाद में प्लॉट विवाद से परेशान 62 वर्षीय किसान ने डीएम कार्यालय के बाहर शरीर पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। डीएम ने बुजुर्ग की शिकायत सुनकर एसडीएम और सीओ सिरसागंज को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम टोडसी निवासी वृद्ध किसान ने डीएम कार्यालय के बाहर शरीर पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जानकारी होते ही सुरक्षागार्डों ने वृद्ध को पकड़ने के साथ एसडीएम मुख्यालय को इसकी जानकारी दी। एसडीएम के साथ निर्वाचन कार्यक्रम से वापस लौटीं एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल सहित अन्य अधिकारी माैके पर पहुंच गए। वृद्ध को डीएम कार्यालय कक्ष में ले जाया गया। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अपने कार्यालय कक्ष में बैठाकर बुजुर्ग को पानी पिलाने के साथ उसकी समस्या को सुना और सिरसागंज एसडीएम को बुजुर्ग की बात सुनकर समस्या का निदान करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
थाना सिरसागंज के ग्राम टोडसी निवासी रमेशचंद्र (62) पुत्र रघुनाथ सिंह शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। डीएम कार्यालय के बाहर पहुंचकर सिर से अपने ऊपर पेट्रोल डालने के साथ ही हल्ला मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर मुख्यालय पर तैनात सुरक्षा गार्ड एवं स्टाफ ने बुजुर्ग को समझाकर डीएम कार्यालय के बाहर पड़ी सीटों पर बैठा लिया। एसडीएम मुख्यालय अंकित वर्मा, शालिनी देवी के साथ अन्य अधिकारी पहुंच गए। वह रमेशचंद्र को डीएम कार्यालय कक्ष में ले गए।
डीएम ने बुजुर्ग को पानी पिलाने के साथ ही उनकी बात को सुना। रमेशचंद्र ने बताया कि 20 अप्रैल 2006 को गांव निवासी जगदीश से प्लाॅट 57 हजार रुपये में लिया था। इसका बैनामा करने के बजाय स्टांप पर लिखा-पढ़ी करा ली थी। रमेशचंद्र का आरोप है कि जगदीश के बेटे ने उक्त प्लाॅट को सत्यदेव के बेटे के नाम बिक्री कर दिया। कब्जा हमारा है, लेकिन उक्त लोग परेशान कर रहे हैं। इसकी शिकायत पर लेखपाल आदि जांच करने पहुंचे लेकिन न्याय नहीं मिला। डीएम ने जिला मुख्यालय पर यह सब करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एसडीएम सिरसागंज एवं सीओ सिरसागंज को उक्त मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बुजुर्ग को पुलिस की सुरक्षा में वापस गांव भेज दिया।