फिरोजाबाद। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बुधवार को एमजी कॉलेज में कहा कि उपचुनाव के दौरान बूथों पर कोरोना से बचाव के पूर्ण इंतजाम रहेंगे। मास्क, फेस कवर सील्ड, सैनिटाइजर के साथ हैंड ग्लब्स मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि बूथ पर किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें।
डीएम ने कहा कि कर्मचारी ईवीएम को चालू करने, वीवीपैड का स्विच लगाने, लिफाफे को सील करना, पीठासीन अधिकारी की डायरी भरने आदि को सही ढंग से समझ लें। उन्होंने कहा द्वितीय प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों का पेपर कराया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस, पीएसी के साथ केंद्रीय बल को तैनात किया जाएगा।
सीडीओ नेहा जैन ने कक्षों में जाकर ईवीएम प्रशिक्षण को देखा। जहां खामी दिखाई दी उसको मास्टर ट्रेनर के माध्यम से ठीक कराया। इस दौरान सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा, डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद, बीएसए अरविंद पाठक, सुरेंद्र सिंह यादव, एमजी कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव मौजूद थे।
कोरोना से बचाव को वितरित की आयुर्वेदिक दवा
फिरोजाबाद। एमजी कॉलेज में कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान कोरोना से बचाव की आयुर्वेदिक दवा की चार-चार गोलियां प्रत्येक कर्मचारी को प्रदान की गईं। ढाई हजार कर्मचारियों के हिसाब से इनका वितरण सभी स्टाफ को किया।
सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण आज होगा
फिरोजाबाद। सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा ने कहा कि एमजी कॉलेज में चल रहे कार्मिकों के प्रशिक्षण के तहत 15 अक्तूबर बृहस्पतिवार को टूंडला उपचुनाव में तैनात किए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण सुबह नौ बजे से शुरू होगा। सभी अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, जबकि माइक्रोआब्जर्वर का प्रशिक्षण दोपहर की पाली में होगा। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एमजी कालेज हॉल में प्रशिक्षण के दौरान मौजूद कर्मचारी- फोटो : FIROZABAD