मृतका सृष्टि का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
- फोटो : मृतका सृष्टि का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के सांती रोड पर सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में आगरा रेफर की गई बच्ची ने देर रात करीब तीन बजे दम तोड़ दिया।
जनपद संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अल्लीपुर बुजुर्ग निवासी कुसुम (35) अपनी बेटियों सृष्टि (8) और निशा (11) के साथ 25 जून को न्यू रामगढ़ गली नंबर-1 में जीजा कालीचरन की बेटी नीलम की शादी में आई थीं। 28 जून को वह दूसरे जीजा गेंदालाल के घर रानी नगर, कोटला रोड पहुंचीं। सोमवार सुबह कुसुम अपनी दोनों बेटियों व मौसेरे भाई संतोष कुमार (25) के साथ बाइक से नगला सराय, औंछा, मैनपुरी स्थित बुआ विमला देवी के घर घूमने गई थीं। दोपहर बाद लौटते समय सांती रोड पर सामने से आई तेज रफ्तार बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां से गंभीर हालत में संतोष व सृष्टि को आगरा रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान कक्षा एक की छात्रा सृष्टि की मौत हो गई। सीओ शिकोहाबाद अंबरीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।