टूंडला के गांव चैना व गार्डन के मध्य खाई में पड़ी ईको गाड़ीसंवाद
- फोटो : टूंडला के गांव चैना व गार्डन के मध्य खाई में पड़ी ईको गाड़ी संवाद
टूंडला। सोरों गंगाघाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक ईको गाड़ी मंगलवार तड़के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ईको सवार सभी 10 लोग घायल हो गए। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण हुआ बताया जा रहा है।
आगरा जनपद के थाना निबोहरा क्षेत्र के ग्राम भोगपुरा निवासी श्रद्धालु सोमवार को सोमवती अमावस्या पर सोरों गंगा स्नान करने के लिए ईको गाड़ी से गए थे। मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे करीब जब वे सभी वापस घर लौट रहे थे। उनकी ईको गाड़ी नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गांव चैना की गढ़ी व गार्डन मध्य कंपोजिट शराब ठेके के पास पहुंची तभी अचानक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और लहराते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। गाड़ी के पलटते ही उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे होने एवं चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग व राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। गाड़ी के चालक रामहरि ने बताया कि रातभर गाड़ी चलाने के कारण सुबह के वक्त अचानक उसको झपकी आ गई, जब तक वह गाड़ी संतुलित करता यह दुर्घटना घटित हो गई। गाड़ी में चालक सहित कुल 10 लोग सवार थे। पुलिस और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पूरनसिंह, सोमवती, चालक रामहरि, संजय व त्रिभान सिंह हैं। अन्य घायलों में रामपाल, तुलसी, मोहरश्री, निहाल सिंह व सखिया हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया और तुरंत आगरा के निजी अस्पताल भिजवा दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
अरुण चौरसिया, सीओ-टूंडला