फिरोजाबाद। आधार कार्ड एवं अंकतालिका में छात्रों के नाम के साथ दर्ज कुमारी, श्रीमती अथवा कुमार आदि अंतर के कारण अब छात्रवृत्ति आवेदन निरस्त नहीं होंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा शंकर ने बताया कि छात्र आधार कार्ड में नाम के साथ दर्ज कुमारी, श्रीमती अथवा कुमार आदि को संशोधित कराने के लिए भटक रहे हैं। उन छात्रों को शासन ने बड़ी राहत दी है। सैंकडों-हजारों छात्र-छात्राओं की अंक तालिका में केवल नाम व अभिभावकों के नाम के साथ श्री, श्रीमती आदि दर्ज है। जबकि आधार कार्ड में नाम के साथ उपरोक्त श्री अथवा श्रीमती व कुमारी आदि दर्ज नहीं होने के कारण छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन संदिग्ध डाटा में शामिल किए जा रहे थे। ऐसे में छात्र अपने आधार कार्ड में संशोधन हेतु इधर से भटक रहे थे लेकिन अब आधार व अंक तालिका में उपरोक्त अंतर के बावजूद छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन निरस्त अथवा संदिग्ध डाटा वाले छात्रों की श्रेणी में शामिल नहीं किए जाएंगे बल्कि उक्त श्रेणी के सभी आवेदन को स्वीकृत डाटा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। शासन अंक तालिका में श्रीमती, श्री व कुमारी जैसे उपनाम की स्क्रीनिंग करने वाले छात्रवृत्ति योजना के सॉफ्टवेयर में शासन ने बदलाव किया है।
विधायक व डीएम ने की थी पहल-
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ प्रज्ञा शंकर ने बताया कि छात्रों की समस्या के निदान हेतु विधायक सदर मनीष असीजा एवं जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने शासन को कई बार पत्र लिखा था।