फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 10 साल से नौकरी कर रही प्राइमरी स्कूल सुजाकतपुर की प्रधानाध्यापिका हेमलता के राज धीरे-धीरे खुलते जा रहे हैं। अब तक शिक्षिका गलत पते से विभाग में नौकरी कर रही थी। इस कारण बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नोटिस भेजने के लिए डाक विभाग द्वारा कराई गई रजिस्ट्री भी लौट आई है। अब शिक्षा विभाग प्रधानाध्यापिका हेमलता को बर्खास्तगी की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
शिकोहाबाद के प्राइमरी सुजाकतपुर में तैनात शिक्षिका हेमलता और हमीरपुर जनपद में तैनात शिक्षिका के अभिलेख, जन्मतिथि और पैन कार्ड एक मिला था। मामले का खुलासा होने के बाद फिरोजाबाद जनपद में तैनात शिक्षिका हेमलता लापता हो गई। दो बार उपस्थित होने के आदेश के बावजूद शिक्षिका अधिकारियों के समक्ष उपस्थित नहीं हुई। इस पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षिका के दर्ज पते मैनपुरी जनपद के बरौरी गांव पोस्ट हिंडौली पर दो बार रजिस्ट्री कर नोटिस भेजा लेकिन रजिस्ट्री दो दिन पूर्व लौट आई। ऐसे में शिक्षा विभाग को पूरा शक है कि शिक्षिका ने गलत पता बताकर नौकरी हासिल कर ली थी।
प्रधान ने लिखकर दिया कि गांव में नहीं रहती कोई हेमलता
फिरोजाबाद। नौकरी हासिल करते समय शिक्षिका ने अपना पता दर्ज कराया था। बीएसए ने शिक्षिका के बारे में उस पते पर जानकारी की लेकिन गांव के प्रधान ने लिखकर दे दिया है कि हेमलता पुत्री प्रहलाद कुमार नाम की कोई भी महिला इस गांव में नहीं रहती है।