कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आयोजित मॉकड्रिल के दौरान एडीएम व अन्य अधिकारी दिशा-निर्देश देते
- फोटो : कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आयोजित मॉकड्रिल के दौरान एडीएम व अन्य अधिकारी दिशा-निर्देश देते हुए। स्रोतः प्रशासन
फिरोजाबाद। जनपद में अचानक आए भूकंप की स्थिति में राहत और बचाव कार्य की सक्षमता को परखने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक वृहद जिला स्तरीय मॉक अभ्यास (मॉकड्रिल) हुआ। राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास के दौरान प्रशासन की सतर्कता और विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
अभ्यास के दौरान कलेक्ट्रेट में एक काल्पनिक भूकंप की स्थिति निर्मित की गई। जैसे ही सायरन बजा, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। मलबे में दबे लोगों को अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को तत्काल स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस तक पहुंचाने और मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का सजीव प्रदर्शन किया गया।
भूकंप के साथ-साथ अग्निकांड और जलभराव जैसी आकस्मिक चुनौतियों से निपटने के गुर भी सिखाए गए। अभ्यास के समापन पर अपर जिलाधिकारी विशु राजा ने सभी टीमों के समन्वय की सराहना की। ड्रिल में स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड के जवान और जिला आपदा विशेषज्ञों ने सक्रिय भूमिका निभाई।