केंद्र में सत्ता पाने के बाद भाजपा अब प्रदेश में भी परचम लहराने की तैयारी में है। संगठन ने वरिष्ठ पदाधिकारियों को संपर्क प्रमुख के रुप में जिम्मेदारी देकर अब हर घर तक दस्तक देने की कवायद तेज की जा रही है। फीरोजाबाद में वृहद महासंपर्क अभियान के लिए रणनीति बनाई गई। प्रदेश उपाध्यक्ष ने सक्रियता का पाठ पढ़ाया तो महासंपर्क प्रमुख और जिले के प्रभारी ने जनता से सीधे जुड़ने की बात पर बल दिया।
गुरुवार को तुलसी पैलेस में भाजपा के महासंपर्क अभियान को लेकर बैठक हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र के प्रभारी गोपाल टंडन ने कहा कि भाजपा की सरकार के एक वर्ष का हर दिन उपलब्धि भरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जो किया कांग्रेस साठ साल में नहीं कर सकी। उन्होंने अखिलेश सरकार को घेरते हुए उसकी नीतियों और क्रियान्वयन को जनता की भावनाओं से खिलवाड़ बताया। महासंपर्क अभियान प्रमुख राजकुमार चाहर ने कहा सरकार की बेलगामी से जंगलराज कायम है। उन्होंने बताया कि छह जुलाई से 10 जुलाई तक महासंपर्क अभियान को हर घर तक ले जाने की तैयारी है। इसके लिए बूथ स्तर तक रणनीति बना ली है। चार जुलाई को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी रामप्रताप सिंह ने कहा कि सपा सरकार में किसानों की दुर्दशा हो रही है। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि जनपद में गोकशी का धंधा सपा नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव, जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी, अश्वनी भारद्वाज, अनिल भारद्वाज, सुनील शर्मा, महेश राजपूत, पवन दीक्षित, अखिलेश शर्मा, सत्यवीर गुप्ता, सतीष दिवाकर थे।