फीरोजाबाद/शिकोहाबाद/जसराना/टूंडला। लखनऊ
में गत दिवस जहरीली शराब के सेवन से 21 श्रमिकों की मौत व 160 के बीमार
होने की घटना के बाद आबकारी व पुलिस ही नहीं बल्कि प्रशासन की नींद भी
टूटी। डीएम विजय किरन आनंद के निर्देशन में अवैध शराब के अड्डों पर छापे
डाले गए तो हकीकत सामने दिखाई दी। जिले में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का
कारोबार फल फूल रहा था। सवाल उठता है कि प्रशासन ने ऐसी कार्रवाई पहले
क्यों नहीं की। एसडीएम शिकोहाबाद रवींद्र सिंह, सीओ श्यामकांत, जिला आबकारी
अधिकारी चंद्रशेखर, एसओ शिकोहाबाद ने शिकोहाबाद की गिहार बस्ती में
छापेमारी की। 200 लीटर कच्ची शराब बरामद की। ढाई हजार लीटर लहन नष्ट कराया
एवं 11 भट्ठियां तोड़ी, घरों की तलाशी के दौरान गुड़, ईस्ट, बड़ी संख्या
में शराब बनाने के उपकरण, गैस सिलेंडर, चूल्हे, प्लास्टिक कैन बरामद कीं।
गिहार कालोनी के हीरा गिहार पुत्र किताब सिंह, वीरेंद्र गिहार पुत्र
अशर्फीलाल, गोविंद गिहार पुत्र कल्लू को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ
आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया है।
एसडीएम सदर विजय सिंह
एवं सीओ सिटी राजेश चौधरी के निर्देशन में शहरी क्षेत्र की शराब की दुकानों
पर छापे डाले। बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर दो दुकानों को चैक किया। बस
स्टेंड पर लाइसेंस की प्रति नहीं मिली। रेलवे के ठेका पर स्टॉक रजिस्टर
नहीं मिले। वहीं थाना रसूलपुर पुलिस ने अवैध शराब पकड़ी है। जसराना सीओ
एसएस भारद्वाज के निर्देशन में जसराना क्षेत्र के मुस्तफाबाद एवं पाढ़म में
छापेमारी की और दो लोगों को सौ पउआ के साथ गिरफ्तार किया। एका के ग्राम
सिकंदरपुर, नगला मेवा, कुंजपुर, नगला चित्तर में छापा मारकर नगला मेवा के
संतोष से 150 पउआ मिले हैं। 250 लीटर लहन नष्ट कराया व भट्ठियां तोड़ीं।
फरिहा थाना क्षेत्र के कुटीला बटोलर में एक कुंतल लहन नष्ट कराया यहां
कच्ची शराब बनाने वाले भाग खड़े हुए। चिड़रई, ईखू में छापा डाला। नारखी
पुलिस ने रामनगर में मुकेश व जय सिंह की परचून की दुकान में छापेमारी की।
अवैध रूप से चंडीगढ़ एवं हरियाणा की शराब बिक्री करते हुए मिले। गोंदई
निवासी टीपू, जीतू रामनगर तथा भूरा गढ़ी सिंधारी के यहां छापेमारी की।
परंतु गिरफ्तार नहीं हो सके।
यहां हुई अवैध शराब से मौंतें..
- नगला खंगर थाना क्षेत्र के भट्ठे पर जहरीली शराब का सेवन करने से एक दशक पूर्व आधा दर्जन श्रमिकों की मौत हुई थी।
- पचोखरा थाना क्षेत्र में छह वर्ष पूर्व जहरीली शराब के सेवन से तीन श्रमिक अकाल मौत के मुंह में गए थे।
- नारखी क्षेत्र में आठ वर्ष पूर्व शराब के सेवन से दो लोगों की मौत हुई थी।