फीरोजाबाद। कोहरा में हुए हादसे में बीकॉम के छात्र सहित दो लोगों की मौत हो गई। छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण आगरा रेफर कर दिया है।
पहला हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे थाना मटसेना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रसीदपुर कनैटा के समीप सर्विस रोड पर हुआ। घने कोहरे के कारण टैंपो सामने से आ रही स्कूली बस से टकरा गया। हादसे में 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके हाथ में राबी अंकित है। गनीमत रही कि बस में बच्चे नहीं बैठे थे। घायलों में थाना रामगढ़ के मोहल्ला हसमत नगर की निवासी परवीन, हबीबन, जैतून, जन्नत, शाहिद उर्फ बब्बू, प्रेम सिंह घायल हो गए।
घायलों को थाना मटसेना पुलिस तुरंत जिला अस्पताल लाई। वहां से परवीन की हालत गंभीर होने के कारण आगरा रेफर कर दिया है। दूसरे हादसे में मुस्तफाबाद के पास टाटा मैजिक ने पल्सर बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया। थाना उत्तर क्षेत्र के गांधीनगर निवासी गौरव (22) पुत्र पप्पी चौधरी और मोहल्ला आर्यनगर गली नं. 12 निवासी अंकुश (22) पुत्र मुकेश के साथ कैप्टन राम सिंंह डिग्री कालेज में बीकॉम के छात्र हैं। दोनों पल्सर से ग्राम उड़ेसर स्थित स्कूल की ओर जा रहे थे। मुस्तफाबाद के पास टाटा मैजिक ने बाइक को चपेट में ले लिया। गौरव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकुश को घायलावस्था में उपचार को जिला अस्पताल लाए। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर कर दिया है।