टूंडला। शहर से सटे गांव आनंद नगर में पिछले कई वर्षों से सफाईकर्मी नहीं पहुंचा। नतीजन नालियां सिल्ट से अटी पड़ीं हैं। नालियों का पानी गलियों में बह रहा है तथा कीड़े मकोड़ों व मच्छरों के पनपने से बीमारियां फैल रहीं है। क्षेत्रीय लोगों ने की सफाई कराए जाने की मांग की है।रेलवे की न्यू कालोनी से सटे आनंद नगर की करीब एक हजार की आबादी है। कहने को यह क्षेत्र शहर से जुड़ा हुआ है, लेकिन ग्राम पंचायत रूधऊ मुस्तकिल का हिस्सा है। ग्राम सभा में होने के कारण विकास से काफी दूर है। आलम यह है कि गलियां किसी पिछले गांव से भी बदतर हैं। नालियां बंद पड़ी हैं और गंदा पानी खाली प्लाटों में भर रहा है। जलभराव के चलते जहरीले कीड़े व मच्छर का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे गंभीर बीमारियां फैलने की संभावना बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार विकासखंड पर शिकायत भी की है, लेकिन किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। सफाईकर्मी के न आने से सभी परेशाान हैं। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए जिलाधिकारी से समस्या के समाधान की मांग की है। मांग करने वालों में विनोद यादव, ठाकुर अरुण कुमार सिंह, प्रेम कुमार सिंह, विलेश यादव, विनय यादव, रामकुमार, महेश कुमार, प्रमोद कुमार आदि है।