फिरोजाबाद। सुहागनगरी के हॉटस्पॉट एरिया में उड़ रही धूल, चौराहों पर लगने वाला जाम और निर्माण परियोजनाओं पर बरती जा रही लापरवाही आमजन पर भारी पड़ रही है। यही कारण है कि सुहागनगरी में सोमवार को भी हवा की गुणवत्ता का ग्राफ काफी खराब स्थिति एक्यूआई 227 दर्ज किया है।हॉट स्पॉट एरिया, शहर के प्रमुख चौराहों के अलावा निजी व सरकारी निर्माण परियोजना स्थलों पर एनजीटी नियमों की अनदेखी की जा रही है। यही कारण है कि सुहागनगरी की हवा की गुणवत्ता में सुधार की कोशिशों को पलीता लग रहा है। सोमवार को भी सुहागनगरी में हवा की गुणवत्ता का ग्राफ काफी खराब स्थिति एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को हवा में धूल व अन्य हानिकारकतत्वों की मात्रा 231 माइक्रो मिलीग्राम मापी गई।
हवा की गुणवत्ता में सुधार को जिम्मेदार विभाग द्वारा एनजीटी नियमों के अनुपालन में बरती जा रही शिथिलता का नतीजा है कि कोयला की भट्ठियां सुलगने एवं वाहनों द्वारा उत्सर्जित कार्बनिक तत्वों के कारण सुहागनगरी की हवा जहरीली हो गई है।
-
विभवनगर क्षेत्र में हवा ज्यादा विषैली
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार की शाम करीब पांच बजे के बाद जहां इंडस्ट्रीरियल इलाके नगला भाऊ पर हवा की गुणवत्ता 148 एक्यूआई रही। वहीं सबसे खराब स्थिति विभव नगर क्षेत्र में देखने को मिलीं। विभव नगर में हवा की गुणवत्ता का ग्राफ एक्यूआई 180 दर्ज किया गया।
-
सोमवार को सुहागनगरी में हवा की गुणवत्ता का ग्राफ
पीएम-2.5 की मात्रा - 231 माइक्रो मिलीग्राम
पीएम-10 की मात्रा - 193 माइक्रो मिलीग्राम
कार्बनिक तत्वों की मात्रा - 5.1
-
हॉटस्पॉट इलाकों की हो रही अनदेखी
सीपीसीबी द्वारा अत्याधिक धूल उड़ने वाले इलाकों के रूप में चिहिंत हॉटस्पॉट इलाके ककरऊ कोठी, जलेसर रोड, नया बाईपास स्थित बंबा चौराहा, स्मार्ट रोड (स्मार्ट रोड) के अलावा नगला भाऊ से मीरा चौराहे तक सर्विस रोड पर नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और यातायात पुलिस विभाग की कार्य योजना धरातल पर नहीं दिख रहीं।
-
-हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए इंडस्ट्रियल इलाके एवं अन्य चिह्नित जगहों पर जल्द ही निरीक्षण व सर्वे कराएंगे। सुधार के लिए जरूरी कार्रवाई को डीएम को रिपोर्ट भेजेंगे।
एमएम गौतम, प्रयोगशाला प्रभारी पीसीबी