मिलावट की आशंका पर टैंकर से नमूना लिया गया।
शुक्रवार की बीती रात डेढ़ बजे सुभाष तिराहा पर एसडीएम व प्रभारी निरीक्षक ने आगरा से शिकोहाबाद आ रहे देशी घी के टैंकर को पकड़ लिया। सूचना मिली थी कि टैंकर से लाये जा रहे घी में मिलावट है। सुबह पहुंची खाद्य विभाग की टीम ने जांच के लिए टैंकर से घी के नमूने लिए।
सुभाष तिराहा पर एसडीएम अंबरीश कुमार, प्रभारी निरीक्षक सोमपाल सैनी मय फोर्स के पहुंचे। आगरा की ओर से आ रहे देशी टैंकर को रोक लिया गया। रात में ही उसे थाना पर लाकर खड़ा करा दिया गया। यह घी आगरा की फर्म मार्को इंटर नेशनल से आ रहा था। टैंकर में 6200 लीटर घी था। इसकी कीमत लगभग? 24 लाख 8 हजार 700रुपये बताई। चालक ने बताया कि शिकोहाबाद स्थित फर्म गौरीशंकर प्रेमनरायन के यहां ये घी लाया जा रहा था।
सुबह खाद्य विभाग की टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में थाना पहुंची उनके साथ खाद्य निरीक्षक रवीभान सिंह भी थे। घी के सैंपल सैंपलों को कांच की बोतल में भरकर सील किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सैंपल टेस्टिंग के लिए भेजे जाएंगे जिसकी रिपोर्ट तीन माह में आएगी। जानकारी होने पर फर्म गौरीशंकर प्रेमनरायन के प्रिंस अग्रवाल भी आ गए। उन्होंने बताया कि हमारा कच्चा माल आता है। इस घी का टेस्टिंग एगमार्क आफिस में कराने के बाद सही होने पर ही घी को लेते हैं। टेस्टिंग में फेल होने पर वापस कर देते हैं। इस घी के टैंकर को फर्म पर पहुंचने से पूर्व रास्ते में ही पकड़ लिया।