फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी करने के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामियां को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसके एक पैर में गोली लगी है। उसे आनन-फानन में सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध असलाह व बाइक बरामद की है।
थाना रामगढ़ के कोहिनूर रोड नूरनगर निवासी इंतयाज अली उर्फ इंतजार मादक पदार्थों की तस्करी करता है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं। मंगलवार रात 11:45 बजे रसूलपुर थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा पुलिस फोर्स के साथ मौढ़ा-खंजापुर मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थे। उसी दौरान बाइक पर सवार इंतयाज अली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की तो दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। जानकारी होने पर सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया भी पहुंच गए। आरोपी 18 किलोग्राम चरस बरामद होने के मामले में आगरा के छत्ता थाना से जेल जा चुका है। उसका साथी शकील उर्फ हाजी भी 1.250 किलोग्राम चरस बरामद होने पर जेल भेजा गया था।
थाना रसूलपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। उसके एक पैर में गोली भी लगी है। उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
-अखिलेश भदौरिया, एसपी ग्रामीण