शिकोहाबाद- डिस्प्ले के कार्य में धीमी प्रगति पर ठेकेदार को हड़काते हुए डीआरएम मोहित चंद्रा।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद। मंडल प्रबंधक प्रयागराज (डीआरएम) ने शनिवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अनेक खामियां मिलीं। धीमी गति से चल रहे डिस्प्ले लगाने के कार्य पर ठेकेदार को फटकार लगाई और शीघ्र कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए।
मंडल प्रबंधक प्रयागराज (डीआरएम) मोहित चंद्रा ने पीके शाक्य, यूवी सिंह, डीईईजी पीके यादव और स्टेशन अधीक्षक रमेश लाल मीना के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएसएम के कमरे में लगे चार्टों का अवलोकन कर सिग्नल के बारे में जानकारी की। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, शौचालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई को भी देखा। वहीं डिस्प्ले का कार्य कछुआ गति से चलने पर ठेकेदार को फटकार लगाई और कार्य शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए डीआरएम मोहित चंद्रा ने कहा कि शिकोहाबाद रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां मिली हैं, जिन्हें शीघ्र सुधार के निर्देश दिए हैं।
------------------
समाजसेवियों ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
समाजसेवी शिवा पर्यावरण कृषि एवं महिला उत्थान सेवा समिति द्वारा डीआरएम को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें कहा गया कि विश्राम घर के निकट सुलभ शौचालय बना हुआ है। लेकिन ठेका न उठाये जाने के कारण वह विगत वर्षों से बंद पड़ा है। वहीं प्लेटफॉर्म की कैंटीन कोरोना समय से ही बंद चल रही है। जिससे रात में यात्रियों को जलपान के लिए भटकना पड़ रहा है। सभासद गौतम यादव और अशोक शुक्ला ने डीआरएम से टूंडला-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को शिकोहाबाद से प्रारंभ कराने की मांग की। इस पर डीआरएम ने विचार करने को कहा। कई वर्षों से शिकोहाबाद से दिल्ली जाने के लिए मगध एक्सप्रेस, फरक्का, हावड़ा जोधपुर ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में अमरजीत यादव, कंचन सिंह, गगन, दीपक शुक्ला, शिवम शुक्ला, नीरज राजपूत और पुष्पेंद्र सिंह शामिल रहे।