रसूलपुर क्षेत्र में देर रात पाइप लाईन की मरम्मत करते निगम कर्मी
फिरोजाबाद। देर रात सड़क के नवीनीकरण के दौरान नीबू वाला बाग में पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 100 मीटर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्रांर्गत करीब 200 घराें में जलापूर्ति बाधित हो गई। सूचना पर पहुंची जलकल टीम ने क्षतिग्रस्त लाइन को दुरूस्त कराने के बाद पेयजल सप्लाई की वैकल्पिक व्यवस्था कराई।
सीएम ग्रिड योजना के तहत नालबंदान चौराहा से थाना रसूलपुर तक सड़क नवीनीकरण का काम कराया जा रहा है। शुक्रवार देर रात थाना रसूलपुर के समीप नाला खाेदाई के दौरान रसूलपुर टंकी से जुड़ी पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 100 मीटर लंबी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण नीबू वाला बाग में करीब 200 घरों में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई।
वहीं सूचना मिलने पर निगम के जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेयजल लाइन की मरम्मत का काम पूरा किया गया। सहायक अभियंता फरहत अली के अनुसार रसूलपुर से सटी नीबू वाला बाग की गलियों के जल संयोजन वाले पाइप को दुरूस्त करा दिया गया है। इस संबंध में कार्यदायी संस्था को ठेकेदार की लापरवाही से अवगत करा दिया गया है।