गर्मी के मौसम में शहर में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। तिलक नगर और राजपूताना क्षेत्र में पेयजल संकट से जनता परेशान है। डीएम से व्हाट्सअप पर जनता ने शिकायत की, तब नगर निगम की नींद टूटी और खराब पड़े नलकूपों को ठीक कराने का काम कराया।
नगर निगम की लापरवाही से पिछले एक माह से सुभाष कालोनी, तिलक नगर और बोधाश्रम क्षेत्र में पेयजल का संकट है। क्षेत्र में लगे नलकूप पानी नहीं उगल पा रहे हैं। सांसद, विधायक निधि से लगे सबमर्सिबल पर क्षेत्रीय लोगों का कब्जा है। पेयजल संकट के संबंध में क्षेत्रीय जनता ने डीएम के व्हाट्सअप नंबर पर शिकायत की। डीएम ने नगर आयुक्त को तत्काल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। जलकल विभाग की टीम क्षेत्र में खराब पड़े नलकूपों का ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया। शाम तक नलकूप की पुन: मोटर फुंक गई।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष गुलजार अंसारी ने नगर आयुक्त दिए ज्ञापन में कहा है कि राजपूताना क्षेत्र में लगा नलकूप पिछले आठ माह से खराब पड़ा है। उसमें एक टंकी भी रखी हुई है लेकिन नलकूप खराब होने के कारण टंकी भरने का भी कोई इंतजाम नहीं है। गर्मी के मौसम जनता पानी के लिए बहुत परेशान है। क्षेत्र में नलकूप के स्थान पर सबमर्सिबल लगवाया वह भी खराब हो गया। पेयजल समस्या के निदान के लिए दूसरे स्थान पर सबमर्सिबल लगवाकर टंकी रखवाई जाए, जिससे राजपूताना, टीला मोहल्ला की जनता को राहत मिल सके। मांग करने वालों में आकिब हुसैन, दिलशाद, केशवदेव, दिनेश चक, शाहिद, आरिफ, अवनीश, मो. शमीम हैं।
तिलक नगर क्षेत्र में पेयजल समस्या के निदान को दो सबमर्सिबल लगवाए जा रहे हैं, एक सबमर्सिबल चालू करा दिया है, दूसरे पर कार्य चल रहा है। राजपूताना में खराब नलकूप के संबंध में कोई शिकायत नहीं हुई। क्षेत्र में सर्वे कराकर समस्या का निदान कराया जाएगा।
- पी.के. सिंह, अवर अभियंता-जलकल