फिरोजाबाद। डीएम रवि रंजन ने होली से पूर्व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने पर सीएनडीएस, यूपीएनएन, आरईडी के अधिशाषी अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्य की गति नहीं बढ़ी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं ईओ जसराना से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही वेतन रोकने के आदेश दिए।कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों व निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। डीएम ने पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, विद्युत चिकित्सा, पेयजल योजना, वन संबंधित, जिला पंचायत, खादी ग्रामोद्योग, पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जल निगम व सेतु निगम आदि विभागों की ओर से जिले में संचालित कार्यों की गहनता से समीक्षा की।
अफसरों को हिदायत दी कि कार्यों की गुणवत्ता को अवश्य देखें। जिन विभागों में अर्न्तविभागीय समन्वय की जरूरत हो उन्हें तत्काल संज्ञान में लाएं। संस्थाओं को विकास कार्यों में आ रही दिक्कत को जाना। डीएम ने जलनिगम की ओर से संचालित रेट्रो फिटिंग पेयजल योजना की समीक्षा में पाया कि पाइप लाइन लीकेज की शिकायत बहुत हो रही है। कई मजरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। सहायक अभियंता रुचि नहीं ले रहे हैं। एक्सईएन जलनिगम को चेतावनी देते हुए कहा कि जहां-जहां कमियां दिखाई दे रहीं हैं उनको तत्काल ठीक कराया जाए। जिले में बेसहारा घूम रहे गोवंशो को अभियान चलाकर 31 मार्च तक सभी को गोशालाओं में भिजवाएं। 31 मार्च के बाद कोई छुट्टा गोवंश बाहर नहीं दिखाई देना चाहिए। जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को पूर्ण गुणवत्तायुक्त बनाने पर जोर दिया। इस दौरान सीडीओ दीक्षा जैन, अर्थसांख्यिकी अधिकारी अनिल दीक्षित के साथ बीएसए आशीष पांडेय सहित अन्य लौग मौजूद थे।