दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। पूजा के लिए लक्ष्मी-गणेश, फूल माला, खील खिलौना, वंदनवार, सजावट के सामान की खूब बिक्री हुई। दुकानदारों ने मनमाने रेट पर सामान बेचा।
शहर के प्रमुख शास्त्री मार्केट, रानीवाला कंपाउंड, तहसील के पीछे, पीडी जैन मार्केट में सजे अस्थाई फड़ों पर भी सुबह से ही भीड़भाड़ दिखी। खील 60 से 120 तक , खिलौना 60 से 80 रुपये । मिट्टी के सादा दीपक 10 रुपये तथा डिजाइनदार दीपक 15 रुपये दर्जन की रेट से बिके। गेंदा के फूल की माला 20 से 30 तथा 80 से 100 रुपये प्रति किलो की रेट से बिक रहे थे। लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक बिकी। मीडियम साइज के मूर्तियों की डिमांड अधिक दिखी। दीपावली पर की पूर्व संध्या पर बाजार में सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़भाड़ रही। सुभाष तिराहा, गांधीपार्क से लेकर सदर बाजार, घंटाघर तक खरीदारी के चलते जाम के हालात बने रहे। नगर निगम की लापवाही के कारण जनता को तमाम परेशानियां का सामना करना पड़ा।
बाक्स-
रोशनी वाली आतिशबाजी की रही अधिक डिमांड
गांधीपार्क में आतिशबाजी का अस्थायी बाजार सजा। थोक विक्रेताओं की दुकानों पर लाखों रुपये की आतिशबाजी की बिक्री हुई। इस बार तेज धमाकेदार आतिशबाजी के स्थान पर रोशनी वाले, फुलझड़ी, स्काई शाट की डिमांड अधिक रही। सीता गीता 60 से 80 रुपये तक बिका। स्काई शॉट 250, 500 से लेकर 1000 तक उपलब्ध थे। डबल शॉट 20 से 100 रुपये ,1000 पीस का स्काई शॉट 1500 से 5000 रुपये, फुलझड़ी 50 से 300 रुपये, क्रेजी किट 50 से 80 रुपये तक बिके। चाइना की आतिशबाजी के स्थान पर देशी ब्रांड की आतिशबाजी खूब बिकी।
बाक्स
टूंडला दुल्हन की तरह सजाया गया
टूंडला (ब्यूरो)। दीपावली की पूर्व संध्या पर बाजारों में जमकर खरीदारी की गयी। रोशनी के पर्व पर घरों व प्रतिष्ठानों को विद्युत झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया। पटाखा बाजार में देररात्रि तक जमकर खरीदारी हुई। दीपावली की पूर्व संध्या पर युवाओं व बच्चों ने आतिशबाजी कर दीपोत्सव का स्वागत किया।
भीड़ के कारण वाहनों को दीपा का चौराह से राजकीय बालिका इंटर कालेज तक आधा किलोमीटर की दूरी पार करने में ही 20 मिनट लग रहे थे। सायं के समय चहुंओर रोशनी बिखरी हुई थी। पूरा नगर प्रकाश से नहाया हुआ था।
बाक्स--
प्लास्टिक की माला- फूल रहे आकर्षण
शिकोहाबाद में कटरा बाजार, पत्थर मंडी, पक्का तालाब, बड़ा बाजार, स्टेशन बाजार दीपावली बाजार के सामान से अटे रहे। रंग-बिरंगी प्लास्टिक की मालायें, फूल व कंडील आकर्षण का केंद्र बने रहे।