छोटी दीपावली पर विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से एक करोड़ से अधिक का राजस्व वसूला। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विद्युत विभाग द्वारा शहर और देहात के सभी कैश काउंटर खुलवाए गए। कनेक्शन कटने की संभावना के चलते उपभोक्ताओं ने बिल जमा किए।
दीपावली के त्योहार से पूर्व विद्युत विभाग अधिक से अधिक राजस्व वसूली के प्रयास में जुटा है। शनिवार को छोटी दीपावली के दिन अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह के निर्देश पर शहर और देहात के सभी कैश काउंटर सुबह नौ बजे से चार बजे तक खोले गए। 31 अक्तूबर को माह का अंतिम दिन होने और कनेक्शन कटने के डर से शनिवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिल जमा किए। विद्युत विभाग ने एक करोड़ से अधिक राजस्व वसूला। इसमें फीरोजाबाद प्रथम डिविजन ने 36 लाख, द्वितीय डिविजन ने 18 लाख, ग्रामीण डिविजन ने 22 लाख, सिरसागंज डिविजन ने 24 लाख और शिकोहाबाद डिविजन ने सबसे कम मात्र पांच लाख का राजस्व वसूला।
सोमवार को खुलेंगे सभी कैश काउंटर
ग्रामीण विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता आरबी रॉय ने बताया है कि 31 अक्तूबर को माह का अंतिम दिन है। ऑनलाइन बिल जमा करने की आखिरी तारीख होने के कारण सोमवार सुबह 10 बजे से दो बजे तक सभी कैश काउंटर खुले रहेंगे।