बाजार से ख्ारीदारी करती युवती
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली के बाजार पर स्वदेशी का रंग चढ़ चुका है। दीपावली के लिए बाजार में स्वदेशी मिट्टी के दीपक, आकर्षक डिजाइन के कैंडल, सजावट की झालरें, वंदनवार सहित तमाम तरह के सजावट के सामान ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं। चायना के आइटमों की डिमांड न होने से व्यापारियों को लाखों का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
दीपावली के लिए बाजार में खरीदारी तेज हो गई है। दुकानों पर चाइनीज आइटम एक तरफ रखे नजर आ रहे हैं, वहीं स्वदेशी आइटमों को खूब बिक्री हो रही है। चाइना के विरोध को देखते हुए मार्केट में मिट्टी के दीपकों के साथ इलेक्ट्रानिक दीपक उपलब्ध हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक डिजाइन में स्पार्कल कैंडल, इलेक्ट्रानिक कैंडल, फ्लोटिंग कैंडल, वीयर कैंडल, फ्लोवर कैंडल, खुशबू वाली टी लाइट कैंडल बाजार में उतारी गईं हैं। घर सजाने के लिए आकर्षक डिजाइन में झालरें, वंदनवार व अन्य आइटम भी उपलब्ध हैं। हालांकि चाइनीज आइटमों की अपेक्षा ये महंगी अवश्य हैं, परंतु ग्राहक स्वदेशी को पहली प्राथमिकता दे रहा है।
कल्पना गिफ्ट पैलेस के स्वामी मोहन बताते हैं कि बाजार में चाइनीज के स्थान पर स्वदेशी आइटमों की डिमांड अधिक है। चाइनीज आइटम सस्ते होने के बावजूद ग्राहक स्वदेशी आइटम मांग रहे हैं।
स्वदेशी दीपक और कैंडल की ये है रेंज
बाजार में मिट्टी के दीपक का सेट 120 रुपए, भैया दूज की थाली 100 से 150 रुपए तक, इलेक्ट्रानिक दीपक का सेट 25 से 40 रुपए तक, स्पार्कल कैंडल 60 से 100 रुपए तक, फ्लोटिंग कैंडल 40 रुपए, वीयर कैंडल 300 रुपए, फ्लोवर कैंडल 350 तथा इलेक्ट्रानिक कैंडल में 16 पीस का सेट करीब 2500 की रेंज में उपलब्ध है।