फिरोजाबाद। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने जलेसर रोड मार्ग चौड़ीकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने एवं विकास कार्यों में सुधार नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। मंडलायुक्त ने टीटीजेड एरिया फिरोजाबाद में ओडीओपी योजना में नए उत्पाद शामिल करने के उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए। मंडलायुक्त आगरा रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को मंडलीय सभागार में उद्योग बंधुओं की बैठक ली। बैठक के दौरान उद्यमियों की मांग पर मंडलायुक्त ने ओडीओपी योजना का दायरा बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को जनपद स्तर पर ओडीओपी योजना में नये उत्पादों को शामिल करने के लिए उद्यमियों से प्रस्ताव मांगे जाने को कहा। वहीं यूपीसीडा आस्थान में संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर क्षेत्रीय कार्यालय आगरा के अधिकारियों से नाराजगी जताई।
वहीं जलेसर रोड के चौड़ीकरण-सौंदर्यीकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर भी मंडलायुक्त नाराज दिखीं। मंडलायुक्त इंवेस्टर समिट 2023 के दरम्यान एमओयू साइन वाली इकाइयों की स्थापना संबंधी प्रगति रिपोर्ट जाने को हर माह 10 तारीख को डीएम की अध्यक्षता में बैठक आहुत किये जाने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में उपायुक्त उद्योग दुष्यंत कुमार,क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा एवं सुदीप चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
-
औद्योगिक आस्थान के लिए चिह्नित भूमि की पैमाइश कराई
सिरसागंज तहसील स्थित उरावर हस्तर्फ में करीब 9.6 हेक्टेयर भूमि पर जिले का नया औद्याेगिक आस्थान प्रस्तावित है। शुक्रवार को लखनऊ से आई यूपीएसआईसी की टीम ने राजस्व, चकबंदी विभाग के अधिकारियों से चिह्नित भूमि का दौरा किया। इस दौरान भूमि की पैमाइश भी कराई गई। मौके पर उद्योग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।