बोद्याश्रम चौराहा पर विवाद के बाद मौजूद पुलिस फोर्स। संवाद
- फोटो : बोद्याश्रम चौराहा पर विवाद के बाद मौजूद पुलिस फोर्स। संवाद
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के बोद्याश्रम रोड पर शनिवार देर रात बाइक सवार युवकों को गाड़ी धीरे चलाने की नसीहत देना कार सवारों को भारी पड़ गया। दोनों ओर से मारपीट के साथ-साथ पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
बोद्याश्रम रोड स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार रात कार सवार एक परिवार अपने मरीज को देखने आया था। कार से उतरकर महिलाएं सड़क पार कर रही थीं, तभी बोद्याश्रम की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे दो बाइक सवार युवक एक महिला से टकराते-टकराते बचे। जब कार सवार लोगों ने युवकों को टोकते हुए धीरे गाड़ी चलाने को कहा, तो वे आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दम्मामल नगर और बोद्याश्रम क्षेत्र से दर्जनों युवक मौके पर पहुंच गए और कार सवार परिवार को घेर लिया। अस्पताल के अंदर मौजूद कार सवारों के परिजन भी बाहर आ गए और दोनों पक्षों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। युवकों ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर अपनी जान बचाकर भागने लगे।
दुकानों के बाहर तोड़फोड़, वीडियो वायरल
हंगामे के दौरान उग्र भीड़ ने दुकानों के बाहर नाले पर रखी पटियाएं भी तोड़ दीं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसे देख उपद्रवी मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह का कहना है कि शांति व्यवस्था कायम कर दी गई। वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।