फिरोजाबाद। दशहरा पर पूजन के बाद शस्त्र प्रदर्शन करने व चलने की हिमाकत न करें। यह हिमाकत जेल का रास्ता दिखा सकती है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने इस संबंध में सख्त लहजे में निर्देश जारी किया है। सभी इंस्पेक्टर, सोशल मीडिया टीम, दरोगाओं, बीट सिपाहियों को निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। साथ ही जनता से भी शस्त्र प्रदर्शन व उसका बेवजह इस्तेमाल करने वालों की सूचना देने की अपील की है।
पुलिस प्रवक्ता ओमहरि वाजपेयी के मुताबिक कारतूस विक्रेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि वे बिना जांच-पड़ताल के कारतूस न दें। अगर, किसी भी विक्रेता के मिलान में गड़बड़ी पाई जाती है तो उसका लाइसेंस निलंबित करा दिया जाएगा। इसके अलावा लोगों से अपील की गई है वह पारंपरिक तौर पर घरों के भीतर शस्त्रों का पूजन करें और उन्हें सहेज कर रख दें। किसी भी सूरत में हवाई फायरिंग या शस्त्रों से कलाबाजी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रावण दहन के लिए सुरक्षा इंतजामों में जुटी पुलिस
फिरोजाबाद। रामलीला मैदान में पारंपरिक तौर पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए एसएसपी सौरभ दीक्षित ने सुरक्षा इंतजाम का प्लान तैयार किया है। दशहरा पर रामलीला मैदान में रावण का पुतला दहन होता है। शहर का सबसे बड़ा आयोजन यहां होगा। जमकर आतिशबाजी भी यहां होती है। इस लिहाज मैदान के चारों ओर सुरक्षा का घेरा रहेगा। मैदान के भीतर भी पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी।