फिरोजाबाद। हाईवे के सहारे संचालित होटल और ढाबा रात्रि दस बजे के बाद नहीं खुलेंगे। आदेश का पालन करने के लिए एसपी सिटी ने होटल और ढाबा संचालकों के साथ बैठक की।
होटल और ढाबा संचालकों के साथ हुई बैठक के दौरान एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने निर्देश देते हुए कहा कि हाईवे पर होटल और ढाबा को संचालित करने वाले लोग अपने-अपने यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगवा लें। जिनका बैकअप करीब 15 दिन का होना चाहिए। इस आदेश का पालन न करने वाले होटल व ढाबा संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में पुलिस का मानना है कि रात के समय होने वाले अपराध में कहीं न कहीं ऐसे स्थानों की भूमिका भी अहम रहती है। एसएसपी के इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए थानेदारों को भी निर्देश जारी कर दिए गए है। पुलिस अफसरों का मानना है कि रात को हाईवे पर घटना को अंजाम देने वाले बदमाश होटल व ढाबों पर बैठे रहते हैं, जो मौका लगते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।