हंगामा के बाद युवक को पकड़कर ले जाती पुलिस। स्त्रोत: वीडियो ग्रैव
- फोटो : हंगामा के बाद युवक को पकड़कर ले जाती पुलिस। स्त्रोत: वीडियो ग्रैव
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में काठ बाजार स्थित छक्कू ढाबा पर रविवार को शराब के नशे में ढाबा संचालक भाइयों और लकड़ी दुकान संचालक के बीच मामूली विवाद मारपीट में बदल गया, जो मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी जमकर हंगामा करते रहे। पुलिस से भी अभद्रता की गई।
इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि प्रथम पक्ष के लकड़ी दुकान संचालक बंटू (निवासी पुरषोत्तम विहार, थाना रामगढ़) और दूसरे पक्ष के छक्कू ढाबा संचालक भाइयों दीपक कुमार, हरवीर और विक्रम (निवासी वरतरा, थाना नारखी) के बीच लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से संघर्ष हुआ।
पुलिस के समझाने पर भी वे कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते रहे। इस मामले में उप-निरीक्षक कौशल कुमार शर्मा की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा व बलवे की पहली प्राथमिकी तथा बंटू की तहरीर पर मारपीट व धमकी की दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक, हरवीर और विक्रम को हिरासत में लेकर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया है।
मासूम बच्चे के साथ पुलिस जीप के नीचे लेटा ढाबा संचालक
ढाबा संचालक दीपक अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर पुलिस की जीप के पहिये के नीचे लेट गया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में किए गए इस ड्रामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बमुश्किल से समझाकर स्थिति को संभाला।
शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों पक्षों पर पुलिस ने अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज की है।
- संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी