टूंडला। पुलिस महानिदेशक भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड आरके विश्वकर्मा ने कहा कि 61 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की चुकी है। जल्द ही 49 हजार अभ्यर्थियों के रिजल्ट निकाले जा रहे हैं। इस तरह करीब एक लाख दस हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती हो जाएगी। अगले चार से छह माह के अंदर थानों में जो पुलिस फोर्स की कमी है, उसे पूरा कर लिया जाएगा।
डीजीपी भर्ती बोर्ड विश्वकर्मा बुधवार को टूंडला थाने में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों का सही स्थान जेल है। टॉप टेन के अपराधी, वांच्छित व इनामी अपराधी हैं, उनके लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे सभी जेल में होने चाहिए। कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुछ सब इंस्पेक्टरों की शिकायतें प्रकाश में आई हैं। कुछ ने बहुत अच्छा कार्य किया है। जेल में व्यवस्थाएं बहुत अच्छी थीं। जर्जर भवनों को तोड़कर नई बिल्डिंग बनाने के लिए बजट मांगा जा रहा है। इस दौरान एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी इंद्रपभा मौजूद रहीं।
जिला कारागार, फायर स्टेशन और टूंडला थाने का किया निरीक्षण
डीजीपी भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड आरके विश्वकर्मा ने बुधवार को जेल की बैरकों में बंदियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जेल में 4-जी और 5-जी जैमर लगाए जाएंगे। बंदियों की निगरानी की जाएगी।
सुबह जिला कारागार पहुंचे डीजीपी की जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान ने अगवानी की। उन्होंने थाना दक्षिण के नगला भाऊ में स्थित फायर स्टेशन का जायजा लेने के दौरान जिले में उपलब्ध दमकलों और सिलिंडर की जानकारी ली। सीएफओ जशवीर सिंह को निर्देश दिए कि आग लगने की सूचना पर प्राथमिकता से जल्दी टीम पहुंचे।
दोपहर बाद टूंडला में भी थाना और फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग एंड नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) पर हो रहे कार्यों की समीक्षा के साथ पेडिंग विवेचनाओं को शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। एसपी देहात राजेश कुमार सिंह व सीओ टूंडला डॉ. अरुण कुमार के साथ पुलिस स्टाफ मौजूद था।
सीसीटीवी कैमरे इंडोर, आउटडोर सर्विलांस से जुड़ेंगे
आरके विश्वकर्मा ने कहा कि डायल-100 के वाहनों की थानों में जनसंख्या के हिसाब से कमी है। इन्हें बढ़ाया जाए। यह निरीक्षण प्रदेश के पुलिस सिस्टम को सुधारने को किया जा रहा है। कुछ दिनों में काफी बदलाव दिखेगा। उन्होंने कहा थाने एवं चौकियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के इंडोर, आउटडोर को सर्विलांस के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
दीपावली का गिफ्ट पाकर खिले चौकीदारों के चेहरे
डीजीपी ने टूंडला थाने के चैकीदारों को दीपावली की भेंट दी। उन्होंने उन्हें एक डंडा, कंबल और एक गिफ्ट भेंट किया। उन्होंने सभी चौकीदारों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।