थाना उत्तर पुलिस द्वारा पकडा गया लुटेरा अनुराग।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने कौशल्या नगर में मां-बेटे से लूटपाट करने के आरोपी को झील की पुलिया मरघटी के पास से सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक, एक तमंचा, लूटे गए सोने के जेवरात को बरामद किया है।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि थाना उत्तर क्षेत्र के कौशल्यानगर में दो माह पूर्व तमंचे के बल पर मां-बेटे के साथ लूटपाट की गई थी। विरोध करने पर युवक को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया गया था। पुलिस तभी से मामले के खुलासे में जुटी थी। सोमवार को सूचना पर एसएचओ उत्तर केडी शर्मा, उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, अनिल कुमार व टीम के साथ झील की पुलिया से परशुराम कालोनी की ओर जाने वाले रास्ते पर छिप गए।
इस दौरान बाइक पर युवक को आता देखकर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी युवक ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी युवक अन्नू उर्फ अनुज उर्फ अनुराग निवासी शंभूनगर शिकोहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपाचे बाइक, एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस, एक हार, एक अंगूठी बरामद की।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप ने बताया कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले अन्नू उर्फ अनुराग पर दस हजार रुपये का इनाम एसएसपी की ओर से घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने विभवनगर में उद्योगपति पवन जैन के साथ लूट की कोशिश, नगला सिंघी क्षेत्र में लूटपाट की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पर जानलेवा हमला, लूट के आठ मुकदमे दर्ज हैं।