चार दर्जन से अधिक झांकियां, काली अखाड़े रहे शामिल, पुष्पवर्षा कर स्वागत
शोभायात्रा मार्ग तोरणद्वारों से सजाया, पुलिस-प्रशासन भी रहा मुस्तैद
नगर में अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। चार दर्जन से अधिक झांकियों एवं बैंडबाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा का मार्ग में कई स्थानों पर अग्रबंधुओं ने आरती उतारकर स्वागत किया। मार्ग के दोनों ओर शोभायात्रा देखने वालों की खासी भीड़ रही।
शोभायात्रा रसूलपुर स्थित राजा पैलेस से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में शामिल मुख्य डोले की आरती....ने और ....ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ऊंट पर सवार नगाडे़ वादकों ने शोभायात्रा की अगुवाई की। घोड़ों पर सवार समाज के लोग केसरिया पताका फहराते चल रहे थे। भगवान गणेश के झांकी के साथ खाटू श्याम, राधाकृष्ण की होली, अग्रसेन द्वारा पशुबलि का विरोध, बेलोन मां का दरबार, शंकर परिवार की आकर्षक झांकी शामिल रहीं। श्रीकृष्ण का डंाडिया नृत्य, राधाकृष्ण का मयूर नृत्य, भगवान नरसिंह अवतार, राम-रावण युद्ध, गणपति बाबा मोरया, बांके बिहारी की मनोहारी झांकी काफी आकर्षण का कें द्र रही। समिति के तत्वावधान में छह रथ निकाले गए। इसमें प्रथम रथ पर महाराज अग्रसेन की समता मूलक समाज की एक रुपया, एक ईंट की झांकी थी। श्रीराम दरबार, मां दुर्गा, भगवान दाऊजी के अलावा पांचवेें रथ पर कुलदेवी लक्ष्मीजी विराजमान थीं। भव्यता से सजाए गए रथ पर महारानी माधवी अपनी पुत्र वधुओं के साथ विराजमान थीं। मुख्य रथ पर अग्रवाल समाज के प्रणेता महाराज अग्रसेन अपने पुत्रों के साथ विराजमान थे। मुख्य रथ के आगे जयंती समिति पदाधिकारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक चल रहे थे। शोभायात्रा में शामिल काली अखाड़े अपना प्रदर्शन कर रहे थे। शोभायात्रा नालबंद चौराहा, इमामबाड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, घंटाघर, सदरबाजार, मुहल्ला गंज, डाकखाना चौराहा, कोटला रोड, अग्रसेन चौक होती हुई देर रात राजेंद्र विश्राम गृह की ओर बढ़ रही थी। जयंती समिति अध्यक्ष नितिन अग्रवाल, महामंत्री मनीष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, जीके अग्रवाल, अजय अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, नरेश बंसल,झब्बूलाल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मोर मुकुट अग्रवाल, रमेश बंसल, मनोज गोयल, सत्यवीर गुप्ता, अंजू गोयल, नीतेश अग्रवाल, अनुग्रह गोपाल आदि शामिल रहे।
सुबह निकाली गई प्रभात फेरी
सुबह युवा समिति के सुगम गोयल के निर्देशन में महाराजा अग्रसेन चौक से प्रभात फेरी शुरू हुई, जो नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद अग्रवाल धर्मशाला पर संपन्न हुई। यहां महावीर शर्मा के निर्देशन पर हवन पूजन के आयोजन के साथ ही ध्वजारोहण किया गया।
इन समितियों ने किया स्वागत
शोभायात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत कैंप लगाए गए। इनमेें अग्रवाल सम्मेलन, अग्रवाल महिला सम्मेलन, अग्रोहा विकास समिति, संस्कार भारतीय, अग्रोहा महिला विकास समिति, अखिल भारतीय वैश्य अग्रवाल सम्मेलन, भारत विकास परिषद, जीनियस ग्रुप, हिंदू जागरण मंच आदि ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
कौमी एकता की दिखी मिसाल
अग्रसेन शोभायात्रा का मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में स्वागत किया गया। वहीं हनीफ खाकसार के नेतृत्व में खाकसारों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालकर पुलिस प्रशासन का सहयोग किया।