फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: हररोज बढ़ रहे डेंगू के मरीज, 5 और मिले पॉजिटिव

Fri, 01 Sep 2023 11:43 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद। इस साल भी जिला डेंगू के लिए हॉट स्पॉट बन गया है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में डेंगू के केसों में लगातार वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को भी पांच केस सामने आए। इन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डेंगू प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाए। वहीं, घर-घर जाकर लार्वा की जांच की गई। जहां लार्वा मिला, उन इलाकों में दवा का छिड़काव कराया।स्वास्थ्य विभाग ने बुखार से पीड़ित मरीजों की रक्त की जांच कराई थी। इसमें खैरगढ़ के गांव कनवारा में 31 वर्षीय राधा की रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव मिला है। वहीं, जसराना के गांव झपारा में निशांत कुमार और ओखरा नारखी गांव में भी 12 वर्षीय हिमांशी की रिपोर्ट भी डेंगू पॉजिटिव आई है। मैनपुरी के गांव हाजीपुर नेरा में डेंगू के दो मरीज पॉजिटिव मिले हैं। 29 वर्षीय सुशील और 52 वर्षीय कृष्णा देवी को बुखार था तो वह फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के लिए आए। जब एलाइजा जांच कराई गई तो दोनों की रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। मरीजों की रिपोर्ट आने के बाद डेंगू प्रभावित इलाकों में टीम ने सर्वे कराया। बुखार से पीड़ित मरीज मिलने पर दवाएं दी गईं।
विज्ञापन

-

खेरिया और शेखपुरा में लगाया गया शिविर
खेरिया गांव में बुखार के मरीज ज्यादा संख्या होने की शिकायत सीएमओ पर आई। सीएमओ ने कोटला केंद्र प्रभारी डाॅ. नितिन जग्गी के नेतृत्व में टीम भेजकर कैंप लगाया। बुखार के मरीजों को दवा दीं। शेखपुरा में भी टीम ने घर-घर जाकर लार्वा को चेक किया। ओखरा कोटला में भी टीम ने निरीक्षण किया। कई घरों में लार्वा मिला। टीम ने सफाई कराने के साथ ही एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को कौशल्या नगर भेजकर मरीजों का का उपचार कराया। वार्ड संख्या 12 के अंतर्गत मोहल्ला झलकारी नगर, गंगा नगर, ममता नगर, एलान नगर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में वायरल फीवर का प्रकोप तेजी के साथ अपने पैर पसार रहा है। टीम ने गंभीर रूप से बीमार मरीजों को तत्काल प्रभाव से नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौशल्या नगर भिजवाकर उनका उपचार शुरू कराया।


-
डेंगू के कारण लक्षण और बचाव के उपाय
डेंगू ठहरे हुए साफ पानी में पनपता है। घर और उसके आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, फ्रिज के वेस्ट वाटर बाक्स आदि में लंबे समय तक पानी जमा न होने दें। समय-समय इसे साफ करते रहें। कबाड़, पुराने गमले, पक्षियों के खाने के वर्तन आदि की भी सफाई करते रहें। यदि घर के आसपास लंबे समय से पानी जमा है और जलनिकासी संभव नहीं हो तो उसमें जला हुआ मोबिल, केरोसिन आदि डालें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मॉस्किटो रेपलेंट क्रीम और मच्छरदानी का प्रयोग करें। बुखार की स्थिति में डॉक्टरी परामर्श लें। रक्त की जांच कराएं।
विज्ञापन





डेंगू में यह दवाएं न खाएं, जान भी जा सकती है
वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ. नीरज गुप्ता के अनुसार डेंगू होने पर मरीज के बदन में दर्द होता है। ऐसे में कई लोग दर्द निवारक दवा खा लेते हैं, जो कि बेहद खतरनाक है। मरीज को बदन दर्द की दवा नहीं लेनी चाहिए, इसके सेवन से जान भी जा सकती है। डेंगू के केस में दर्द निवारक दवा खाने से प्लेटलेट्स तेजी से गिरती हैं। किडनी पर भी बुरा असर पड़ता है। मलेरिया की दवा भी डेंगू में निष्प्रभावी होती है। बुखार के मरीजों को जांच रिपोर्ट आने तक पैरासिटामॉल के सेवन का सुझाव दिया है। एस्प्रिन, डेकाड्रान, कर्टीसोन जैसी बुखार और दर्द की मिश्रित दवा का सेवन हानिकारक हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें