किसानों की समस्याओं को सुनते एसडीएम डॉक्टर गजेंद्रपाल सिंह। स्रोत संवाद
- फोटो : किसानों की समस्याओं को सुनते एसडीएम डॉक्टर गजेंद्रपाल सिंह। स्रोत संवाद
शिकोहाबाद। एनएचएआई द्वारा अंडरपास निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा न मिलने और पैमाइश न होने से नाराज आरौंज के किसानों ने रविवार को डायवर्जन निर्माण कार्य रुकवाकर धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन का पूर्व और वर्तमान अधिग्रहण होने के बावजूद अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जबकि करीब 24 किसानों का 10 साल पुराना फोरलेन परियोजना का मुआवजा भी लंबित है।
सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों ने प्रशासन द्वारा पहले दिए गए पैमाइश के आश्वासन के पूरा न होने पर रोष व्यक्त किया। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि सोमवार को तहसील टीम द्वारा जमीन की पैमाइश कराई जाएगी और एनएचएआई अधिकारियों से भी इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम की अपील और कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद किसान देर शाम तक अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे रहे। प्रदर्शन करने वालों में धर्मेंद्र सिंह, मुल्तान सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, वीनेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, गिरेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह समेत अन्य किसान शामिल रहे।