फिरोजाबाद। मंगल बाजार को स्थानांतरित किए जाने का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ रहा है। मंगल बाजार के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने भी इस मुद्दे को लेकर मुखर रूप अपनाया है।
मंगल बाजार शहर की एक बड़ी आबादी एवं स्कूली बच्चों के लिए मंगलवार को कष्टदायी साबित होेता है। विहिप ने नगर आयुक्त एवं डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर बाजार को हटाने की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल का प्रतिनिधि मंडल महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने ज्ञापन में कहा कि मंगल बाजार को पूर्व में स्थानांतरित करने के आदेश हो गए हैं। सितंबर 2022 में करीब छह सप्ताह तक कोटला चुंगी से फिरोजाबाद क्लब के बीच प्रशासन ने मंगल बाजार बंद करा दिया था।
वर्ष 2022 में दिवाली पर दो सप्ताह के लिए मंगल बाजार की अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बाद लगातार इसका अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। बाजार के कारण कई जाम से शहर के तिलक नगर, सुभाष कॉलोनी, ओझानगर, नगला करन सिंह, कोटला रोड, जगदंबा नगर, सूर्य नगर, बोधाश्रम, मायापुरी एवं दम्मामल नगर के निवासी जाम की समस्या से परेशान होते हैं।
विहिप प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त रिषीराज और जिला मुख्यालय पर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंगल बाजार को हटवाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में दिनेश भारद्वाज, निर्दोष अग्रवाल, दीपक झा, सत्यम शर्मा, गौरव कुलश्रेष्ठ सहित अन्य लोग शामिल थे।