फतेहाबाद फोटो।हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
फतेहाबाद। आगरा और अलीगढ़ मंडल में उच्च न्यायालय की खंडपीठ हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर सामने आई है। हाईकोर्ट संघर्ष समिति आगरा के आह्वान पर सोमवार को बार एसोसिएशन फतेहाबाद के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर कार्य बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन फतेहाबाद के अध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता और सचिव विष्णु गुर्जर के नेतृत्व में न्यायिक मजिस्ट्रेट फतेहाबाद को एक ज्ञापन सौंपा गया और हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने बेंच स्थापना के समर्थन में प्रभात फेरी निकाली और हुंकार भरी। प्रभात फेरी और विरोध प्रदर्शन में व्यस्त रहते हुए अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। इसके चलते न्यायालय परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और दूर-दराज से आए वादकारियों को बिना सुनवाई के ही मायूस होकर लौटना पड़ा। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक खंडपीठ की स्थापना नहीं हो जाती, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।