- निगम पार्षदों ने नगर आयुक्त को दिया शिकायती पत्र
विज्ञापन
फिरोजाबाद। शहर में सड़कों व चौराहों पर जमा धूल सफाई को संचालित स्वीपिंग मशीनों के रखरखाव व संचालन को नामित संस्था की गतिविधि एवं पत्रावली जांच की मांग की गई है। निगम पार्षदों की ओर से एक शिकायती पत्र नगर आयुक्त को दिया गया। पार्षदों की माने तो हर माह लगभग 17 लाख रुपये भुगतान प्राप्त कर रही संस्था निर्धारित कार्य में मानकों की अनदेखी कर रही है।
निगम पार्षद पूनम शर्मा, नीरू कुमारी, रेखा यादव, प्रीति गुप्ता और सूरजपाल बघेल के हस्ताक्षर वाला एक शिकायती पत्र नगर आयुक्त को दिया गया। निगम पार्षदों के अनुसार निगम द्वारा शहर के हॉटस्पॉट इलाके में सड़क पटरी व प्रमुख चौराहों पर धूल की सफाई को दो स्वीपिंग मशीनें संचालित हैं।इन मशीनों के रखरखाव व संचालन का जिम्मा आगरा की एक फर्म को दिया गया है। एक एवज में फर्म को प्रतिमाह लगभग 17 लाख राशि का भुगतान किया जा रहा है। शिकायती पत्र में स्वीपिंग मशीनों के संचालन को नामित संस्था के अनुभव प्रमाण पत्र,संचालन गतिविधि और भुगतान निर्धारण पर सवाल खड़े किए गए हैं। इसके साथ ही आरोप लगाया कि सिर्फ बिल बनाने लिए गाड़ियों को सड़क पर दौड़ाया जाता है। उनमें लगी मशीनों को नहीं चलाया जाता है, जो कि डीजल बचाने का खेल है। पार्षदों ने स्वीपिंग मशीन संचालन-रखरखाव को जिम्मेदार फर्म की जांच कराने की मांग की है।