एसी बस में शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा।
- फोटो : संवाद
फिरोजाबाद के टूंडला में दिल्ली से मैनपुरी जा रही एक स्लीपर एसी कोच बस बुधवार तड़के आग का गोला बन गई। आगरा हाईवे पर दौड़ती बस में अचानक धुआं उठते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस को रोकते हुए यात्रियों से उतरने को कहा। यात्रियाें ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए और बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना बुधवार तड़के चार बजे करीब टूंडला कोतवाली क्षेत्र के एफएच चौकी के पास की है। मंगलवार मध्यरात्रि प्राइवेट एसी स्लीपर कोच बस दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर से सवारियां लेकर मैनपुरी के रामनगर की ओर जा रही थी। तड़के बस आगरा हाईवे पर एत्मादपुर रेलवे पुल पार करने के बाद एफएच हॉस्पीटल से निकली, तभी अचानक बस के मुख्य दरवाजे के पास से धुआं उठने लगा। बस चालक मोहन ने यह देख तत्काल बस को रोक दिया। बस के रुकते ही बस के नीचे से आग की लपटें निकलने लगीं।
यह देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस बीच यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई। उस वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही टूंडला कोतवाली पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर स्टेशन ऑफिसर अभिषेक शाक्य ने बताया कि फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि स्लीपर कोच बस में अचानक आग लगने पर सभी यात्री सुरक्षित निकल गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।