- एसएसपी से शिकायत के बाद थाना पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। दिल्ली की एक युवती ने शिकोहाबाद के एक युवक पर दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप लगाया है। युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि युवक ने उसका नहाते हुए वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। युवक ने दो बार उसका गर्भपात भी कराया।
दिल्ली की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक उसके भाई के साथ एक कंपनी में काम करता था। इसी दोस्ती के कारण उसका घर आना-जाना था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मौका पाकर उसके नहाने का वीडियो बना लिया और इसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग के चलते युवक ने न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि उसका वेतन भी छीन लिया करता था।
जब वह पहली बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में गर्भपात की दवा मिलाकर पिला दी, जिससे उसका दो महीने का गर्भ गिर गया। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ अपने कमरे में रखा। पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इस बार आरोपी उसे एक डॉक्टर के पास ले गया और 24 दिसंबर 2024 को धोखे से उसका छह महीने का गर्भपात करा दिया।
गर्भपात के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और 2 जुलाई 2025 को उसके आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गया। जब पीड़िता 23 जुलाई 2025 को आरोपी के घर शिकोहाबाद पहुंची, तो उसके परिवार ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी के भाई ने पीड़िता का मोबाइल भी तोड़ दिया। थाने में उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।