टूंडला के न्यू रेलवे कालोनी में रेल आवास पर टूटकर गिरा नीम का पेड़ संवाद
- फोटो : टूंडला के न्यू रेलवे कालोनी में रेल आवास पर टूटकर गिरा नीम का पेड़ संवाद
टूंडला। आंधी से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तमाम बिजली खंभे, तार एवं कई स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। रातभर पूरा शहर अंधकार में डूबा रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 50 विद्युत खंभे व तार टूट गए। नगर क्षेत्र में 16 खंभे टूटे हैं तो पचोखरा, हजरतपुर, धीरपुरा, घुरुकुआ में करीब 32 खंभे टूटे हैं। इसके कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। मोहम्मदाबाद विद्युत फीडर के करीब आधा दर्जन गांव अंधकार की चपेट में आ गए।
न्यू रेलवे कॉलोनी स्थित यज्ञशाला मंदिर के सामने रेलवे आवासों पर नीम का पेड़ की एक शाखा टूटकर गिर गई। साथ ही यज्ञशाला मंदिर के पीछे एक विशाल नीम का पेड़ जड़ से टूटकर रेलवे आवास पर गिर गया। इसके अलावा लाइनपार नगला रति से अनवारा रोड पर करीब पांच सौ साल पुराना बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। काफी मशक्कत के बाद आवागमन सुचारू हो सका।
तेज आंधी तूफान में करीब 50 विद्युत खंबे टूटे हैं। इसके साथ लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं 33 केवी लाइन में कमी आने की वजह से रातभर विद्युतकर्मी जूझते रहे। सुबह पांच बजे शहर की आपूर्ति सुचारू की जा सकी। देहात में खंबे व लाइन जोड़ने का कार्य जारी है।
नरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीओ विद्युत, टूंडला